बलवंत चौधरी(सबकी खबर आठों पहर न्यूज)
(बेगूसराय) : छौड़ाही ओपी पुलिस ने ओपी क्षेत्र के सहुरी पंचायत स्थित बेगूसराय एवं समस्तीपुर बॉर्डर इलाके में सघन छापेमारी अभियान चला अवैध रूप से संचालित एक देसी शराब निर्माण केंद्र को नष्ट कर दिया।
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए छौड़ाही ओपी अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि बेगूसराय एवं समस्तीपुर जिला के छौड़ाही एवं हसनपुर थाना क्षेत्र के बॉर्डर एरिया सहुरी पंचायत के झड़ाही गांव के कोरियाही बहियार में कुछ अपराधी तत्व अवैध रूप से देसी शराब निर्माण एवं बिक्री कर रहे हैं।
मिले इनपुट के आधार पर कोरियाही बहियार में जब पुलिस टीम पहुंची तो चारों तरफ जलजमाव एवं बीच में एक टापू नूमा स्थल पर काफी धुआं उठते देखा। वहीं कुछ लोग पुलिस बल को देख पानी में छलांग लगा विपरीत दिशा में भागने लगे। पुलिस टीम पानी पार कर जब वहां पहुंची तो पांच देसी शराब की भट्टी पर शराब निर्माण हो रहा था।
ओपी अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार ने बताया कि सभी पांच शराब निर्माण भट्ठी को नष्ट कर दिया गया है। सैकड़ों लीटर निर्मित देसी शराब, भारी मात्रा में शराब बनाने के कच्चा सामान को भी नष्ट कर दिया गया। शराब बनाने के उपकरण को जप्त कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि शराब बनाने वाले कर्मी जलजमाव एवं जंगल का फायदा उठा फरार हो गए। उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
