Site icon Sabki Khabar

भाजपा प्रखंड अध्यक्ष सह जिला पार्षद प्रत्याशी पति को पीट पीटकर किया अधमरा, वाहन से कुचलने का प्रयास,लगाया आरोप।

बलवंत चौधरी (सबकी खबर आठों पहर न्यूज)

* छौड़ाही ओपी के बगल में शिव मंदिर के पास की घटना।

बेगूसराय) : छौड़ाही प्रखंड भाजपा अध्यक्ष एवं जिला पर्षद क्षेत्र संख्या आठ के प्रत्याशी पति संजीव कुमार यादव को वाहन से कुचल हत्या करने का प्रयास विफल होने पर बदमाशों ने उन्हें पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। भाजपा नेता का इलाज निजी क्लीनिक में चल रहा है। वहीं सूचना के बावजूद छौड़ाही पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से आक्रोशित लोगों ने छौड़ाही ओपी पहुंच प्रदर्शन किया। घटना का आरोप प्रतिद्वंदी प्रत्याशी के समर्थकों पर लगाया गया है। जिससे दो पक्षों में काफी तनाव व्याप्त हो गया है।

छौड़ाही ओपी पर समर्थकों के साथ मौजूद जिला पार्षद प्रत्याशी संजू देवी के पति भाजपा प्रखंड अध्यक्ष संजीव कुमार यादव ने बताया कि वह गुरुवार की संध्या रात 8:00 बजे के लगभग छौड़ाही ओपी के बगल में मध्य विद्यालय सावंत हिंदी के सामने शिव मंदिर पर अपने सहयोगी अमित कुमार यादव के साथ रुक कर वहां मौजूद ग्रामीणों के साथ बातचीत कर रहे थे। तभी जिला पर्षद क्षेत्र संख्या आठ से चुनाव लड़ रहे एक अन्य प्रत्याशी के चुनाव चिन्ह लगे वाहन से छौड़ाही ओपी क्षेत्र के इजराह निवासी शिवचंद्र यादव के पुत्र राजीव कुमार यादव चार पांच अपराधियों के साथ नीचे उतर कर इस गांव में चुनाव प्रचार नहीं करने की चेतावनी दी। 

भाजपा नेता ने बताया कि जब उन्होंने लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने एवं प्रचार करने के अधिकार होने की बात कही तो आरोपियों ने  लात घुसा से पिटाई प्रारंभ कर अधमरा कर दिया। बचाने आए सहयोगी को भी पिटाई कर दी। इसके बाद सभी आरोपी वाहन में बैठकर उन्हें कुचल कर हत्या करने का भी प्रयास किया। लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचा पाए। इसके बाद सभी बदमाश चुनाव प्रचार से दूर रहने, ज्यादा नेतागिरी नहीं करने अन्यथा सहयोगियों समेत सपरिवार जान से मार देने की धमकी देता हुआ वहां से चला गया।

भाजपा नेता का कहना है कि उसी समय घटना की सूचना पुलिस को दी गई। ओपी अध्यक्ष ने कार्रवाई का भरोसा दिया। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अपराधी लगातार धमकी दे रहा है। चुनाव प्रचार करना मुश्किल हो गया है। इसलिए थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
 इस संदर्भ में छौड़ाही ओपी अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार का कहना है कि वह अभी थाना पर नहीं हैं इसलिए आवेदन नहीं देखें। भाजपा नेता ने रात में मारपीट की शिकायत की थी। आवेदन मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version