


Samastipur :- विश्व पर्यावरण दिवस पर पटना जू में आयोजित समारोह में ग्लोबल एनवायरनमेंट एंड क्लाइमेट चेंज लीडर राजेश कुमार सुमन को सम्मानित किया गया। वे “ऑक्सीजन मैन” के नाम से जाने जाते हैं। समस्तीपुर जिले के रोसड़ा निवासी राजेश सुमन को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण में उनके योगदान के लिए दिया गया।

राजेश सुमन वर्षों से “बेटी और वन बचाओ” अभियान चला रहे हैं। उन्होंने हर घर के दरवाजे पर बेटी के नाम पौधा लगाने की प्रेरणा दी है। इससे समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ी है। वे “ऑक्सीजन बचाओ हरित यात्रा” के जरिए गांव-गांव जाकर लोगों को वृक्षारोपण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

समारोह में बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने उन्हें प्रतीक चिन्ह, सम्मानस्वरूप चादर और ₹25,000 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। मंत्री ने कहा कि राजेश सुमन जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं। वे व्यक्तिगत स्तर पर वैश्विक पर्यावरण संकट से लड़ने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।



राजेश सुमन की पहलें अब बिहार ही नहीं, देशभर में पर्यावरण जागरूकता का उदाहरण बन चुकी हैं। उन्हें पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मान मिल चुका है।
कार्यक्रम में कई पर्यावरण प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र और अधिकारी मौजूद थे। आयोजन का उद्देश्य प्रकृति संरक्षण के प्रति समाज को प्रेरित करना और धरातल पर काम कर रहे लोगों को मंच देना था।



![]()
















Leave a Reply