Site icon Sabki Khabar

बकरीद पर्व को लेकर रोसड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित।

Samastipur:- रोसड़ा आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रोसड़ा थाना परिसर में गुरुवार को एक शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने की। उन्होंने सभी समुदायों से मिल-जुलकर त्योहार मनाने की अपील की और शांति व आपसी भाईचारे को कायम रखने का संदेश दिया।
बैठक में गणमान्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, व्यवसायी वर्ग के लोग तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि त्योहार के दौरान कोई अफवाह न फैले और किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी सतर्क और सजग रहेंगे।

थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने कहा कि,
> “बकरीद एक पवित्र पर्व है, जिसे आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा, लेकिन समाज के सभी वर्गों का सहयोग भी जरूरी है। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।”
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, निगरानी, और गश्ती बढ़ाने की बात कही ।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि वे क्षेत्र में आपसी सद्भाव बनाए रखने में हरसंभव भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर पूर्व मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय बुद्धिजीवियों ने भी अपने-अपने विचार रखते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान किया।

इस बैठक ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रशासन और समाज के बीच समन्वय से ही त्योहारों को सुखद, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न किया जा सकता है।

 

Exit mobile version