Site icon Sabki Khabar

बकरीद से पहले रोसड़ा बाजार में फ्लैग मार्च, प्रशासन अलर्ट

samastipur:-बकरीद पर्व को लेकर गुरुवार शाम रोसड़ा बाजार में फ्लैग मार्च निकाला गया। शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया। मार्च का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी संदीप कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सोनल कुमारी ने किया। उनके साथ नगर थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर लाल बाबू कुमार, अन्य पुलिस बल और दंडाधिकारी मौजूद रहे।

फ्लैग मार्च बाजार के मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। एसडीओ संदीप कुमार ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी तरह की गड़बड़ी, अफवाह या तनाव फैलाने की कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा। फ्लैग मार्च के जरिए लोगों को यह संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था हर हाल में बनी रहेगी।
एसडीपीओ सोनल कुमारी ने कहा कि त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

प्रशासन की सक्रियता से लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। सभी से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। फ्लैग मार्च के जरिए यह साफ कर दिया गया कि प्रशासन पूरी तरह तैयार है और बकरीद शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version