समस्तीपुर रोसड़ा:- विश्व पर्यावरण दिवस पर अनुमंडल विधिक सेवा समिति, रोसड़ा की ओर से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायिक परिसर को हरित बनाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सह अध्यक्ष, अनुमंडल विधिक सेवा समिति, उमेश कुमार ने की। उनके साथ सत्य प्रकाश अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय, सिकेन्द्र पासवान अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम, जयप्रकाश किस्कू अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय, रूबी कुमारी अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह सचिव, विधिक सेवा समिति सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर रवि शंकर पासवान, जितेंद्र कुमार न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, दीनानाथ नायक अध्यक्ष अधिवक्ता संघ, संजय कुमार पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता संघ, सत्येंद्र सहनी, मोहन कुमार पाल, ध्रुव कुमार मेहता, कुमारी रानी, दीपक शर्मा, दयाशंकर झा , अधिवक्ता प्रकाश कुमार,अधिवक्ता गोपाल कुमार, अधिवक्ता घनश्याम कुमार ,अधिवक्ता दयाशंकर झा ,अधिवक्ता शेख छन्नू और वन विभाग के पदाधिकारी राजेश राम भी शामिल हुए।
सभी न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने मिलकर पौधे लगाए। पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल रस्म नहीं, बल्कि भविष्य की जिम्मेदारी है। पर्यावरण बचाने के लिए सभी को मिलकर लगातार प्रयास करना होगा।
वन विभाग के पदाधिकारियों ने पौधों के महत्व, देखभाल और पारिस्थितिक संतुलन में उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि न्यायालय जैसी संस्थाओं की पहल से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
कार्यक्रम के अंत में सचिव रूबी कुमारी ने सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने आग्रह किया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाए, ताकि यह अभियान स्थायी बदलाव का माध्यम बन सके। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक प्रयास साबित हुआ।
