रोसड़ा थाना क्षेत्र के बाघोपुर वार्ड संख्या 12 निवासी जगदेव महतो बुधवार को अपनी पत्नी को लाने हरपुर गांव स्थित ससुराल गए थे। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उनकी पत्नी की विदाई से साफ इनकार कर दिया।
जगदेव महतो ने बताया कि पहले वह अकेले ही पत्नी को लाने पहुंचे थे, लेकिन ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें समाज के कुछ लोगों के साथ आने की बात कही गई। इसके बाद वे अपने समाज के कई लोगों के साथ हरपुर गांव पहुंचे। इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोगों के साथ कहासुनी हुई और देखते ही देखते मारपीट की नौबत आ गई।
मारपीट में जगदेव महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल रोसड़ा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत रोसड़ा थाना में दर्ज कराई है।
जगदेव महतो का कहना है कि ससुराल वालों ने सोची-समझी साजिश के तहत उन पर हमला किया है। वहीं, घटना के बाद से पीड़ित परिवार भय के साये में है और पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहा है।
