दंगल प्रतियोगिता के अंतिम दिन बिहार व नेपाल के पहलवानों का दबदबा राजस्थान, यूपी व दिल्ली के पहलवानों को दी पटखनी

समस्तीपुर :- प्रखंड क्षेत्र के जगमोहरा गांव में माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय कमला मेला के अंतर्गत तीन दिवसीय अंतरराज्यीय दंगल प्रतियोगिता का बुधवार की संध्या शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में भव्य समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन बिहार उत्तर प्रदेश और नेपाल के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाईनल मुकाबलों में अपना दबदबा कायम रखा, जबकि दिल्ली, पंजाब,राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के जांबाज पहलवानों को कड़े संघर्ष के बाद पटखनी का सामना करना पड़ा।दंगल के तीसरे और अंतिम दिन 50 टीमों से जुड़े 100 से अधिक महिला एवं पुरुष पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपनी ताकत, तकनीक और दांव-पेंच का बेहतरीन प्रदर्शन किया। 

रोमांचक मुकाबलों ने अखाड़े को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया। बिहार के राम उदगार पहलवान, उत्तर प्रदेश के बाबा लाठी, जावेद पहलवान बिहार, मिंटू पहलवान के साथ-साथ नेपाल के सूरज थापा, राहुल पहलवान एवं गोपाल थापा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।महिला पहलवानों के मुकाबले भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। महिला वर्ग में रेशमी, पूजा और पुष्पांजलि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया और अखाड़े में महिला कुश्ती की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
फाइनल मुकाबलों में बिहार के राम उदगार पहलवान एवं जावेद पहलवान ने शानदार जीत दर्ज की। 

उत्तर प्रदेश के लाठी पहलवान ने ठाकुर जल्लाद सिंह को, बिहार के पहलवान ने राजस्थान के गामा पहलवान को परास्त किया। नेपाल के राहुल पहलवान ने झांसी के गब्बर पहलवान को, जबकि नेपाल के सूरज थापा ने बनारस के को पटखनी दी। महिला वर्ग में बिहार की पूजा ने दिल्ली की नीतू पहलवान को तथा रेशमी ने गोरखपुर की खुशी पहलवान को पराजित कर दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं। फाइनल मुकाबले देखने के लिए दूर-दराज से आए दंगल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी।

तीसरे दिन दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ जगमोहरा पंचायत के वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद जमसेद साहब, समाज सेवी राजेश कुमार राकेश, सलहा चंदन पंचायत के वर्त्तमान मुखिया राजेश कुमार महतों, समाज सेवी बैजु साहनी,ने संयुक्त रूप से पहलवानों क़ो हाथ मिलाकर किया। इसके पश्चात मेला कमिटी द्वारा आए हुए अतिथियों का मिथिला की परंपरा के अनुसार पुष्पमाला, पाग एवं चादर भेंट कर सम्मान किया गया।समापन अवसर पर मेला मालिक समाजसेवी फुलेश्वर प्रसाद सिंह एवं मेला कमिटी के सदस्यों सोनू कुमार, मोनू कुमार, अविनाश कुमार उर्फ गौड़ी शंकर, समाजसेवी अरविंद कुमार पटेल, पूर्व पंचायत समिति सदस्य नवल किशोर निराला उर्फ पप्पू सिंह, राकेश बिहारी,भागीरथ डीलर,सहित अन्य सदस्यों ने माघी पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कमला मेला को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग देने के लिए दूर-दराज से आए देव तुल्य श्रद्धालुओं, दंगल प्रेमियों, समस्त जगमोहरा ग्रामीणवासियों एवं मेला कमिटी के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

दंगल में उद्घोषक की भूमिका सतीश प्रसाद सिंह ने निभाई, जबकि निर्णायक की जिम्मेदारी नवनीत कुमार नवीन ने बखूबी संभाली। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को 10-05 भरी चांदी की सील मुख्य अतिथि स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मो 0 जमशेद साहब, जदयू प्रखंड अध्यक्ष कैलाश राय एवं मेला मालिक समाजसेवी दीपक दिनकर द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान की गई।
पूरे मेला का प्रशासनिक एवं सफल संचालन समाजसेवी अंजनी कुमार सिंह एवं सुनील कुमार सरोज के नेतृत्व में किया गया। मेला संचालनकर्ताओं ने कहा कि कुश्ती से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने युवाओं से इस पारंपरिक खेल को संरक्षित करने और आगे बढ़ाने की अपील की।

मौके पर बिथान थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र राजू, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार, सोनू निषाद, सुधांशु शेखर उर्फ एसकेजी, लालमोहर कुमार, आलोक कुमार, अरबिंद सिंह मुंसी, सहित पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *