समस्तीपुर: 10 हजार रुपये घूस लेते प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार, निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई।

समस्तीपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल अंतर्गत विद्यापतिनगर के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (MO) राजेश कुमार भगत को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

​निजी आवास से हुई गिरफ्तारी
​जानकारी के अनुसार, निगरानी की टीम ने यह कार्रवाई एमओ के दलसिंहसराय स्थित उनके निजी आवास पर की। गिरफ्तारी के वक्त मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बन गई। बताया जा रहा है कि राजेश कुमार भगत के पास विद्यापतिनगर के साथ-साथ उजियारपुर प्रखंड के प्रभारी एमओ का भी प्रभार था।

​क्या है पूरा मामला
​निगरानी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, विद्यापतिनगर के मनियारपुर निवासी डीलर रामएकबाल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि:
​बकाया खाद्यान्न आपूर्ति के बदले एमओ द्वारा 31 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद निगरानी थाने में प्राथमिकी संख्या 23/26 दर्ज की गई।
​आरोपी अधिकारी पहले ही रिश्वत के रूप में 10 हजार रुपये ले चुका था।
​आज सुबह जब राजेश कुमार भगत रिश्वत की बकाया राशि में से 10 हजार रुपये ले रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठी निगरानी की ट्रैप टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर उन्हें अपने साथ पटना ले गई है।
​इस कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *