रोसड़ा/समस्तीपुर: अंगार घाट थाना क्षेत्र के डिहुली ढाला के पास एक अनियंत्रित ऑटो और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक की पहचान पुरानी भिरहा निवासी जीवछ दास के पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई है।
मैराथन में भाग लेने जा रहे थे खिलाड़ी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोसड़ा थाना क्षेत्र के पुरानी भिरहा गांव के तीन खिलाड़ी—दिलखुश कुमार, नीतीश कुमार (पिता जुगेश्वर मुखिया) और नीरज कुमार (पिता रामपुकार दास)—एक ही बाइक पर सवार होकर समस्तीपुर में आयोजित मैराथन दौड़ में हिस्सा लेने जा रहे थे। इसी दौरान डिहुली ढाला के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार ऑटो से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। इस हादसे में ऑटो चालक और एक महिला यात्री को भी चोटें आई हैं।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिजनों में मचा कोहराम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दिलखुश कुमार, नीतीश कुमार और सीताराम सहनी की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान घायल खिलाड़ी दिलखुश कुमार की मौत हो गई।
जैसे ही दिलखुश का शव उसके पैतृक गांव पुरानी भिरहा पहुँचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुखिया ने जताया दुख
स्थानीय पंचायत के मुखिया लालटुन पासवान ने घटना को लेकर बताया कि तीनों दोस्त खेल प्रतियोगिता में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह दुखद हादसा हुआ। हादसे ने एक होनहार खिलाड़ी को छीन लिया, जिससे ग्रामीण काफी मर्माहत हैं।
