Site icon Sabki Khabar

मेहनत और लगन की मिसाल: मनीषा कुमारी बनीं बैंक पीओ, रोसड़ा क्षेत्र में खुशी की लहर।

रोसड़ा, समस्तीपुर। संघर्ष और दृढ़ संकल्प के आगे बाधाएं भी घुटने टेक देती हैं। इसे सच कर दिखाया है रोसड़ा प्रखंड के गोविंदपुर की बेटी मनीषा कुमारी ने। मनीषा ने बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS) की परीक्षा में सफलता हासिल कर बैंक पी.ओ. (प्रोबेशनरी ऑफिसर) के पद पर चयनित होकर न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

पाग और चादर से भव्य स्वागत
​मनीषा की इस बड़ी उपलब्धि पर गोविंदपुर गांव में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मिथिला की गौरवशाली परंपरा के अनुसार उन्हें पाग, माला और चादर भेंट कर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने उत्साह के साथ अपनी बेटी का स्वागत किया और उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कठिन परिस्थितियों में नहीं हारी हिम्मत
​समारोह को संबोधित करते हुए मनीषा के मामा व शिक्षक नेता अशोक कुमार साहु ने बताया कि मनीषा का पैतृक घर ऐजनी में है, लेकिन उनकी पढ़ाई-लिखाई गोविंदपुर में ही हुई। उनके जीवन का सफर आसान नहीं था। पिता स्वर्गीय मनोज साह की कैंसर से मृत्यु के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था, लेकिन मनीषा ने विचलित हुए बिना अपनी पढ़ाई जारी रखी।

बता दें कि मनीषा ने सुंदरी देवी सरस्वती विद्या मंदिर (बटहा) से 10वीं, यू.आर. कॉलेज (रोसड़ा) से इंटर और बीएससी गणित की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने किसी बड़े शहर में जाने के बजाय घर पर रहकर ही स्वाध्याय (Self-study) से यह मुकाम हासिल किया है।

युवाओं को संदेश: प्रतिकूल धाराओं में ही होती है धैर्य की परीक्षा
​अपनी सफलता का श्रेय परिवार और अपनी कड़ी मेहनत को देते हुए मनीषा कुमारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को ‘समय प्रबंधन’ (Time Management) का मूलमंत्र दिया। उन्होंने जयशंकर प्रसाद की पंक्तियों के माध्यम से संघर्ष की अहमियत बताई:
​”वह पथ क्या पथिक कुशलता क्या, जिस पथ पर बिखरे शूल न हों, > नाविक की धैर्य परीक्षा क्या, जब धाराएं प्रतिकूल न हों।”

इन्होंने दी बधाई
​मनीषा की इस कामयाबी पर पूर्व प्रमुख सुरेंद्र कुमार सिंह मुन्ना, अनिल कुमार महतो, छात्र नेता कुमार गौरव, रामबालक महतो, रामबदन ठाकुर, धर्मेंद्र कुमार महतो, संजीव यादव, पंचायत समिति सुरेश प्रसाद, राजकुमार शाह, विलक्षण पासवान, विजय महतो, गुड्डू साहू, पंकज कुमार, मो. अजमत और प्रशांत सहित परिवार के सदस्यों में नानी सीता देवी, माता पिंकी देवी और नाना अर्जुन साह ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Exit mobile version