रोसड़ा प्रखंड अंतर्गत आदर्श ग्राम पंचायत राज मोतीपुर के ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। पंचायत में नवस्थापित हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का विधिवत उद्घाटन मुखिया प्रेमा देवी की अध्यक्षता एवं स्वास्थ्य प्रभारी हरेकांत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।उद्घाटन समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी सेविकाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान लोगों में नए स्वास्थ्य केंद्र को लेकर उत्साह देखने को मिला।मुखिया प्रेमा देवी ने कहा कि हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब, मजदूर, किसान और जरूरतमंद परिवारों को उनके घर के पास ही बेहतर एवं निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अब छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए ग्रामीणों को शहर या दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।स्वास्थ्य प्रभारी हरेकांत सिंह ने कहा कि केंद्र के संचालन से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। यहां सामान्य बीमारियों की जांच, परामर्श, दवाइयों की उपलब्धता तथा नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा ग्रामीणों को मिलेगी।
इसके अलावा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब समय और पैसे दोनों की बचत होगी। पहले मामूली इलाज के लिए भी शहर जाना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता था। हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर खुलने से अब लोगों को अपने गांव में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध हो सकेगी।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों के इस प्रयास की सराहना की तथा उम्मीद जताई कि केंद्र के माध्यम से गांव के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर लाभ मिलता रहेगा।
