थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए गिरोह के नौ में से आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर चोरी के कई वाहन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जगी है तथा आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।
सिंघिया थाना परिसर में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिंन्हा ने बताया कि 20 मई को सिंघिया थाना क्षेत्र से एक ट्रैक्टर चोरी होने की घटना सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। सिंघिया थाना अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता के नेतृत्व में थाना पुलिस एवं जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) समस्तीपुर की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन, संदिग्धों की गतिविधियों तथा पारंपरिक जांच पद्धति के आधार पर कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया।
पुलिस जांच के दौरान कुल नौ अपराधियों की पहचान की गई। इनमें से आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर सिंघिया थाना क्षेत्र सेवा चोरी किया गया ट्रैक्टर पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त उजियारपुर थाना क्षेत्र से चोरी किया गया एक अन्य ट्रैक्टर तथा कल्याणपुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक पिकअप वाहन एवं घटना कारित करने वाला प्रयुक्त वाहन आटिका कार भी बरामद की गई है।
पुलिस पूछताछ में अपराधियों ने कई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अपराधियों ने रोसड़ा थाना क्षेत्र से चोरी किए गए एक पिकअप वाहन तथा तेघड़ा थाना क्षेत्र से चोरी किए गए ट्रैक्टर की घटना में भी शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस अब इन वाहनों की बरामदगी एवं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार अपराधियों में प्रभात कुमार, नागमणि सिंह, अकबर अली, विनोद कुमार, पप्पू सिंह, चंद्र माधव सिंह, राजकिशोर सिंह एवं यदुनाथ कुमार शामिल हैं।
इनमें अधिकांश आरोपी वैशाली जिले के रहने वाले बताए गए हैं, जबकि अकबर अली पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया का निवासी है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह समस्तीपुर समेत आसपास के कई जिलों में सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
इस पूरे मामले के सफल उद्भेदन में सिंघिया थाना पुलिस और डीआईयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। छापेमारी दल में थाना अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता, संजय कुमार सिंह, सुभाष कुमार यादव, शैलेंद्र कुमार, सुजीत कुमार, प्रिंस प्रशांत, अंशु कुमारी, संतोष कुमार, रंजन कुमार एवं प्रीतम कुमार शामिल थे। पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता और लगातार की गई छापेमारी के कारण इतने बड़े वाहन चोर गिरोह का खुलासा संभव हो सका। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया है।

