Site icon Sabki Khabar

रोसड़ा बाईपास निर्माण में देरी पर भड़के विधायक बीरेन्द्र कुमार, पथ निर्माण मंत्री को लिखा पत्र; निविदा रद्द होने की जताई आशंका।

रोसड़ा, समस्तीपुर: रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रोसड़ा शहर में लगातार लग रहे गंभीर जाम और उससे उत्पन्न होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय विधायक बीरेन्द्र कुमार ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस संबंध में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के माननीय मंत्री को एक आधिकारिक पत्र लिखकर रोसड़ा नगर में बाईपास सड़क निर्माण से संबंधित टेंडर (निविदा) निष्पादन में हो रहे अनावश्यक विलंब पर कड़ा रुख अपनाया है।

विधायक बीरेन्द्र कुमार द्वारा भेजे गए पत्र (पत्रांक: BK/141/26, दिनांक: 03.06.2026) के अनुसार, रोसड़ा शहर के बीचों-बीच से भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण न केवल हर समय जाम की गंभीर स्थिति बनी रहती है, बल्कि स्थानीय आम नागरिकों और राहगीरों के लिए दुर्घटनाओं का खतरा भी बेहद बढ़ गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी लटका है प्रोजेक्ट
​पत्र में इस बात का विशेष उल्लेख किया गया है कि प्रगति यात्रा के दौरान माननीय पूर्व मुख्यमंत्री महोदय द्वारा स्वयं रोसड़ा शहर में बाईपास निर्माण की घोषणा की गई थी। इसके बावजूद, लंबे समय के बाद भी अब तक धरातल पर इस महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।

मुख्य अभियंता कार्यालय पर लापरवाही का आरोप, टेंडर रद्द होने की आशंका
​विधायक ने पत्र के माध्यम से अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि इस बाईपास सड़क मार्ग के निर्माण हेतु कई बार निविदा (टेंडर) निकाली जा चुकी है। पुनः निविदा आमंत्रण के दौरान तकनीकी बीड मूल्यांकन (Technical Bid Evaluation) की आवश्यक कार्रवाई मुख्य अभियंता (उत्तर) के कार्यालय में पिछले चार महीनों से लंबित पड़ी है।
​विधायक बीरेन्द्र कुमार ने कहा कि बार-बार आग्रह और रिमाइंडर भेजने के बाद भी संबंधित विभाग और अधिकारी टेंडर को निष्पादित नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि पूर्व की तरह इस बार भी किसी ‘खास वजह’ से इस निविदा को निरस्त (रद्द) करने की पूरी संभावना बनाई जा रही है।

जनता में भारी आक्रोश, जल्द कार्य शुरू करने की मांग
​बाईपास निर्माण कार्य में हो रही इस प्रशासनिक ढिलाई और देरी के कारण रोसड़ा की स्थानीय जनता में भारी आक्रोश और असंतोष व्याप्त है। विधायक ने मंत्री महोदय से विनम्र निवेदन करते हुए जनहित को सर्वोपरि रखने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि रोसड़ा बाईपास की निविदा प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र अति शीघ्र धरातल पर प्रारंभ कराया जाए, ताकि रोसड़ा वासियों को इस भीषण जाम और रोज-रोज के खतरों से मुक्ति मिल सके।

Exit mobile version