रोसड़ा प्रखंड अंतर्गत आदर्श ग्राम पंचायत राज मोतीपुर की मुखिया प्रेमा देवी को पंचायत क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय विकास कार्यों, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों के प्रति समर्पित सेवा भावना के लिए सीमेंट कंपनी द्वारा पटना में आयोजित एक भव्य समारोह में ‘यशस्वी मुखिया’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्यों और ग्रामीण विकास में विशेष योगदान के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी तथा बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों से आए जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
प्रेमा देवी को सम्मानित किए जाने की सूचना जैसे ही मोतीपुर पंचायत पहुंची, पंचायतवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे पूरे पंचायत के लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया। पंचायत के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों ने मुखिया प्रेमा देवी को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।ग्रामीणों का कहना है कि प्रेमा देवी के नेतृत्व में पंचायत में विकास कार्यों को नई गति मिली है। सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच तथा पंचायत स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। यही कारण है कि उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रेमा देवी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि मोतीपुर पंचायत की जनता का सम्मान है। उन्होंने पंचायतवासियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी पंचायत के सर्वांगीण विकास, पारदर्शी कार्यशैली और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करती रहेंगी।पंचायत के लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस सम्मान से प्रेरित होकर पंचायत में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा मोतीपुर पंचायत क्षेत्र विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा। यह उपलब्धि पूरे रोसड़ा प्रखंड के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है।
