समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र स्थित होली मिशन स्कूल के पास 19 जून की संध्या बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों द्वारा एक महिला के गले से लॉकेट सहित करीब 50 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली गई थी। घटना के संबंध में पीड़िता द्वारा रोसड़ा थाना में आवेदन दिया गया था।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान तथा मानवीय सूचना संकलन के आधार पर घटना में शामिल अपराधियों की पहचान की।
इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कटिहार जिले के कोढा थाना क्षेत्र अंतर्गत जुराबगंज में छापेमारी कर छीनी गई सोने की चेन और लॉकेट बरामद कर लिया।पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छापेमारी दल में रोसड़ा थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार, अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, मनीषा भारती सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।
