Site icon Sabki Khabar

रोसड़ा: चोरी करते रंगे हाथ दबोचे गए दो चोर, ग्रामीणों ने धुनाई के बाद पुलिस को सौंपा

रोसड़ा (समस्तीपुर)
रोसड़ा थाना क्षेत्र के सहियार डीह वार्ड नंबर 6 में बीती रात ग्रामीणों की तत्परता से चोरी की एक बड़ी वारदात नाकाम हो गई। रात के करीब 2 से 2:30 बजे के बीच बाइक सवार दो शातिर चोरों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ धर दबोचा। पकड़े जाने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों चोरों की जमकर पिटाई कर दी और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।

भारी जंजीर की वजह से बची पिकअप गाड़ी
​पीड़ित रामचंद्र महतो (पिता- भुटू महतो) ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रात के समय उनके दरवाजे पर एक पिकअप गाड़ी खड़ी थी। चोरों ने चोरी की नीयत से पिकअप का लॉक (ताला) तो भी तोड़ दिया था। लेकिन गाड़ी को एक मोटी जंजीर के सहारे दूसरी गाड़ी से बांधकर ताला मारा गया था, जिसके कारण चोर पिकअप चुराने में पूरी तरह असफल रहे।

मकई का बोरा चुराकर भाग रहे थे चोर
​पिकअप चुराने में नाकाम रहने पर चोरों ने दरवाजे पर रखे मकई के बोरे को उठा लिया और अपनी मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर: BR09AH5086) पर लोड कर भागने की कोशिश करने लगे। इसी बीच रामचंद्र महतो और अन्य ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई।
​ग्रामीणों ने भाग रहे चोरों पर ईंट के टुकड़े फेंके, जिससे असंतुलित होकर उनकी बाइक तार के छज्जे में फंस गई और दोनों चोर सड़क पर गिर पड़े।

इसके बाद शोर मचने पर जुटे ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
​पकड़े गए चोरों की हुई पहचान
​ग्रामीणों की गिरफ्त में आए चोरों की पहचान इस प्रकार हुई है:
​कृष्ण कुमार (उम्र 21 वर्ष), पिता- संतोष दास, निवासी- वार्ड 10, विभूतिपुर, समस्तीपुर।
​सुमित कुमार उर्फ धन्नू (उम्र 25 वर्ष), पिता- नकुन महतो, निवासी- विक्रमपुर, बेगूसराय।

डायल 112 की टीम ने चोरों को लिया हिरासत में
​घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय रोसड़ा थाना को दी। सूचना मिलते ही मौके पर डायल 112 की पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने दोनों चोरों को आक्रोशित ग्रामीणों से बचाकर अपनी हिरासत में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version