Site icon Sabki Khabar

समस्तीपुर में पुलिस और STF की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी अमन को लगी गोली, साथी भी घायल; हथियार बरामद।

समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया है। बलीगांव के समीप हुई पुलिस मुठभेड़ में इलाके का कुख्यात अपराधी अमन कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गया है। वहीं, उसका साथी लक्ष्मी कुमार भागने के क्रम में मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त होने से घायल हो गया।

किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे अपराधी
​पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ शातिर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए क्षेत्र में घूम रहे हैं। इसी आधार पर बंगरा थाना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने बाइक तेज कर भागने का प्रयास किया।

अपराधियों ने की फायरिंग, पुलिस की जवाबी कार्रवाई
​जब पुलिस और एसटीएफ की टीम ने अपराधियों का पीछा किया, तो खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी। पुलिस ने भी त्वरित और साहसिक कदम उठाते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी अमन कुमार के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर गया। इसी दौरान भागने की कोशिश में उसका सहयोगी लक्ष्मी कुमार भी बाइक से गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया।

हथियार बरामद, सदर अस्पताल में इलाज जारी
​पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। दोनों घायल अपराधियों को पुलिस अभिरक्षा में तुरंत समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। 

अस्पताल परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनके तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

Exit mobile version