Site icon Sabki Khabar

भिरहा पूरब पंचायत में जन सहयोग शिविर, अधिकारियों ने मौके पर किया समस्याओं का समाधान

रोसड़ा प्रखंड क्षेत्र की भिरहा पूरब पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को एक दिवसीय पंचायत स्तरीय जन सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया लालटून पासवान ने की। सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।

शिविर में अंचल अधिकारी सुमित कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी ममता कुमारी, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। पंचायत स्तर पर अधिकारियों की उपस्थिति से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।

शिविर के दौरान ग्रामीणों ने राजस्व, राशन, मनरेगा, लोक शिकायत एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया तथा शेष मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।मुखिया लालटून पासवान ने कहा कि पंचायत सरकार भवन का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराना है।

ऐसे जन सहयोग शिविरों से लोगों को प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिलती है और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ती है।शिविर के समापन पर पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पंचायत के जनप्रतिनिधि, वार्ड सदस्य, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Exit mobile version