Site icon Sabki Khabar

मछली बनाते समय करंट लगने से महिला की मौत का आरोप, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया

थाना क्षेत्र के करियन पंचायत अंतर्गत बरेठा गांव के वार्ड संख्या 10 में सोमवार सुबह मछली बनाने के दौरान बिजली का करंट लगने से 30 वर्षीय चंदा देवी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह चंदा देवी घर में मछली बना रही थीं। इसी दौरान अचानक एक स्टैंड फैन उनके ऊपर गिर पड़ा। विद्युत फैन के संपर्क में आने के कारण उन्हें जोरदार करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एक स्थानीय निजी क्लीनिक ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।मृतिका अपने पीछे पति, तीन छोटे-छोटे बच्चों तथा सास-ससुर को छोड़ गई हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि मृतका के पति भीम साहनी परिवार के भरण-पोषण के लिए बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चंदा देवी की तीन संतानें हैं, जिनमें पांच वर्षीय आरूषी कुमारी, तीन वर्षीय मिष्टी कुमारी और दो वर्षीय आयुष कुमार शामिल हैं। मां की असमय मौत से तीनों मासूमों के सिर से ममता का साया उठ गया।घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा थाना अध्यक्ष लालबाबू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने परिजनों एवं ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक पूछताछ की। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर वापस लौट गई।घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतिका के घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। 

स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा सरकारी स्तर पर हरसंभव मदद देने की मांग की है। नगर इंस्पेक्टर सर थाना अध्यक्ष लालबाबू कुमार ने बताया कि परिजनों के द्वारा पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया गया है।

Exit mobile version