Site icon Sabki Khabar

नाग पंचमी मेला को लेकर मां भगवती विषहरी मंदिर से निकली भव्य कलश शोभायात्रा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़।

थाना क्षेत्र के थतिया स्थित मां भगवती विषहरी मंदिर में नाग पंचमी मेला के शुभ अवसर पर बुधवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्ति गीतों, जयघोष और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा।कलश शोभायात्रा मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई।

श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए बूढ़ी गंडक नदी तट पहुंचे। वहां वैदिक परंपरा के अनुसार कलश में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु जल से भरे कलश के साथ पुनः मंदिर परिसर पहुंचे, जहां विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना एवं विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु “जय मां विषहरी” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। मंदिर परिसर में पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि नाग पंचमी मेला को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति, स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

Exit mobile version