SAMASTIPUR ROSERA :- थाना क्षेत्र के उदयपुर वार्ड-16 में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति एवं ससुराल वालों पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान उदयपुर वार्ड-16 निवासी कैलाश महतो के पुत्र अजय कुमार की पत्नी जुली कुमारी के रूप में हुई है। मृतका की बहन बेबी कुमारी ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व जुली की शादी हिंदू रीति-रिवाज से अजय कुमार के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही साला की शादी में सोने की चेन की मांग को लेकर जुली को प्रताड़ित करने लगा। बाद में जमीन खरीदने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण जुली के पिता ने इतनी बड़ी राशि देने में असमर्थता जताई।मायके पक्ष का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर जुली के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी।
हालात बिगड़ने पर पिता उसे मायके ले आए थे। कुछ दिनों बाद पति मायके पहुंचा, अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में प्रताड़ित नहीं करने का भरोसा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर जुली को दोबारा ससुराल भेज दिया गया।परिजनों का आरोप है कि ससुराल लौटने के बाद फिर से दहेज को लेकर प्रताड़ना शुरू हो गई। इसी से परेशान होकर 28 जुलाई 2026 की रात जुली कुमारी ने कथित रूप से जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
नगर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
