रोसड़ा उत्पाद थाना पुलिस ने शुक्रवार की शाम को बड़ी कार्रवाई करते हुए 540 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने रोसड़ा-बेगूसराय मुख्य सड़क के किनारे थतिया के समीप एक ट्रैक्टर के डाला पर लदे विभिन्न ब्रांडों के 60 कार्टन विदेशी शराब को जब्त कर लिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रैक्टर के माध्यम से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद थानाध्यक्ष पल्लवी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई। पुलिस ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर ट्रैक्टर की तलाशी ली, जहां डाला पर लदे 60 कार्टनों से कुल 540 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद शराब को जब्त कर ट्रैक्टर को भी उत्पाद थाना लाया गया।इस मामले में विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कापन गांव निवासी संतोष कुमार, पिता चंद्रदेव महतो तथा बोरिया गांव निवासी मिथुन कुमार, पिता महेश महतो के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थीपुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
अधीक्षक मध्य निषेध समस्तीपुर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उत्पाद थानाध्यक्ष पल्लवी कुमारी के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि बरामद शराब के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा मामले की गहन जांच जारी है। साथ ही तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

