Site icon Sabki Khabar

लंबे समय से चली आ रही लोगों की मांग होगी पूरी, सांसद शांभवी चौधरी व विधायक वीरेंद्र कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद।

ROSERAरोसड़ा बाजार में आए दिन लगने वाले जाम से अब लोगों को जल्द ही निजात मिलने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से बाईपास सड़क निर्माण की मांग कर रहे स्थानीय लोगों की मांग अब पूरी होने जा रही है। बालापर चौक पर रविवार को पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र द्वारा बाईपास सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम कलबाड़ा चौक विद्यालय परिसर में आयोजित होगी ।

शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद शांभवी चौधरी, विधायक वीरेंद्र कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नेता एवं स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।रोसड़ा बाजार अनुमंडल क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग खरीदारी एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। मुख्य बाजार से होकर वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती रहती है। जाम के कारण बाजार आने वाले लोगों के साथ-साथ दुकानदारों और व्यवसायियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

कई बार जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि लोगों को थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है।बाजार में जाम की समस्या को देखते हुए स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से बाईपास सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी। लोगों ने इस मुद्दे को स्थानीय विधायक वीरेंद्र कुमार एवं सांसद शांभवी चौधरी के समक्ष लगातार उठाया। इसके बाद विधायक और सांसद ने भी बाईपास सड़क निर्माण की मांग को लेकर सदन से लेकर पथ निर्माण विभाग के मंत्री तक लगातार पहल की।जनप्रतिनिधियों की पहल और लंबे प्रयास के बाद अब बाईपास सड़क निर्माण का रास्ता साफ हुआ है।

बाईपास सड़क बनने के बाद मुख्य बाजार से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। खासकर भारी एवं लंबी दूरी के वाहनों को बाजार के बाहर से आवागमन का रास्ता मिलने से बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम हो सकेगी। इससे जाम की समस्या कम होने के साथ-साथ व्यवसायियों, राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास सड़क रोसड़ा के लिए लंबे समय से जरूरी थी। इसके निर्माण से न केवल बाजार की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। बाईपास के निर्माण को लेकर लोगों में उत्साह है और रविवार को होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है।

Exit mobile version