Site icon Sabki Khabar

खेल-खेल में बच्चों को सिखाया जा रहा अंकों का ज्ञान, शिक्षक की अनूठी पहल

रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र स्थित प्राथमिक कन्या विद्यालय, लक्ष्मीपुर में बच्चों को खेल-खेल में संख्या पहचान और गणित की समझ विकसित कराने के लिए अनूठी पहल की जा रही है। विद्यालय के शिक्षक राकेश कुमार द्वारा कबाड़ से जुगाड़ के माध्यम से तैयार किए गए ‘अंकों का टेलीफोन’ टीएलएम के जरिए छात्राओं को संख्याओं की पहचान कराई जा रही है।

यह अभिनव टीएलएम बच्चों की पढ़ाई को जीवंत, आनंदमय और संवादात्मक बनाने में मदद कर रहा है। बच्चे टेलीफोन के माध्यम से बार-बार अलग-अलग नंबर डायल करते हैं और इस दौरान अंकों को पहचानने तथा याद रखने का अभ्यास करते हैं। लगातार अभ्यास से बच्चों की संख्यात्मक स्मृति मजबूत होती है।शिक्षक राकेश कुमार ने बताया कि इस टीएलएम की खासियत यह है कि बच्चे इसे छूकर, देखकर और स्वयं इस्तेमाल करके सीखते हैं।

इससे उनकी सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होने के साथ-साथ संवेदी विकास और एकाग्रता में भी क्रमिक सुधार होता है।अंकों का टेलीफोन’ केवल संख्या पहचान तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से बच्चों को पहले की संख्या, बाद की संख्या, बढ़ते क्रम, घटते क्रम, छोटा-बड़ा तथा संख्याओं के बीच संबंध जैसी अवधारणाओं को आसानी से समझाया जा सकता है। 

बच्चे इन अवधारणाओं को केवल किताबों में पढ़ने के बजाय गतिविधि के माध्यम से समझते हैं और दैनिक व्यवहार में उनका उपयोग करना सीखते हैं।कबाड़ से तैयार इस कम लागत वाले टीएलएम ने विद्यालय में गणित सीखने के पारंपरिक तरीके को रोचक बना दिया है। शिक्षक राकेश कुमार की इस पहल से बच्चों में सीखने के प्रति उत्साह बढ़ रहा है और कठिन लगने वाली संख्यात्मक अवधारणाएं भी उनके लिए आसान और मनोरंजक बन रही हैं।

Exit mobile version