Site icon Sabki Khabar

अपर निदेशक ने रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य कर्मियों में मचा हड़कंप

रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब दरभंगा प्रमंडल के स्वास्थ्य सेवाएं क्षेत्रीय अपर निदेशक डॉ. राजीव कुमार अचानक औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। अपर निदेशक के अस्पताल परिसर में पहुंचते ही अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया।निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, आपातकालीन सेवा, ओपीडी, औषधि केंद्र एवं मेडिकल स्टोर का गहन जायजा लिया।

उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मरीजों से भी सीधे बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया।अपर निदेशक ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों के इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष कुमार, प्रबंधक प्रूणेंदु कुमार, सौरभ कुमार वर्मा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। अपर निदेशक ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त रखने, औषधि केंद्र में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

Exit mobile version