अनुमंडल अग्निशमन रोसड़ा की ओर से शनिवार को क्षेत्र के विद्यालयों में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय तेकुनामठ में अग्निशमन टीम ने मॉक ड्रिल कर स्कूली बच्चों को आग से बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी।मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने बच्चों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित रहने, तत्काल बचाव के उपाय अपनाने तथा अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल के बारे में बताया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित सभी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
अग्निशमन विभाग की टीम ने विद्यालय परिसर में पंपलेट का वितरण कर लोगों को अगलगी की घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया। बच्चों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत आसपास के लोगों को सूचित कर सुरक्षित स्थान पर जाना चाहिए।
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी ओंकारनाथ सिंह ने बताया कि विभागीय निर्देश के अनुसार क्षेत्र में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्कूलों में मॉक ड्रिल के माध्यम से बच्चों और शिक्षकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में वे सुरक्षित तरीके से बचाव के उपाय अपना सकें।
