Site icon Sabki Khabar

ससुराल आए वृद्ध की बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से मौत

Samastipur:- विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बोरिया घाट पर रविवार सुबह बूढ़ी गंडक नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मानाराय टोल (वार्ड संख्या-7) निवासी स्वर्गीय राम अवतार साह के पुत्र नंदलाल साह के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, नंदलाल साह रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में अपनी पत्नी देवकी देवी के साथ बोरिया स्थित ससुराल आए हुए थे। रविवार की सुबह करीब 10 बजे वे नदी किनारे स्नान करने पहुंचे। उन्होंने अपने कपड़े, चप्पल और गमछा घाट के किनारे रखे और नदी में उतरे। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने के कारण वे गहरे पानी के तेज बहाव में चले गए और डूब गए।

काफी देर तक जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए जब परिजन और ग्रामीण बोरिया घाट पहुंचे, तो नदी में लगे एक मछली के जाल में उनकी धोती फंसी नजर आई। परिजनों (सामन कुमार, प्रभु साह आदि) ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला।

घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे एएसआई हरेन्द्र तिवारी ने शव का पंचनामा तैयार किया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
इस दुखद हादसे से पूरे परिवार में चीख-पुकार मची है और गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है।

Exit mobile version