रोसड़ा (समस्तीपुर): स्थानीय पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रोसड़ा गांधी चौक के पास वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी (BR 09M 3253) से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद करते हुए चालक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्कॉर्पियो से शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गांधी चौक पर घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी लेने पर गाड़ी के भीतर से 20 कार्टून में रखी कुल 180 लीटर विदेशी शराब (750 ml की बोतलें) बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से ही गाड़ी चला रहे चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान जयशंकर कुमार (पिता: रामबिलास सिंह), साकिन: हाथीदह, थाना: हाथीदह, जिला: बेगूसराय के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद शराब और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है तथा गिरफ्तार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

