Site icon Sabki Khabar

सड़क किनारे मिला मजदूर का शव, शरीर पर चोट के निशान

ROSERA थाना क्षेत्र के आदर्श ग्राम पंचायत मोतीपुर के महेशपुर में सोमवार की शाम सड़क किनारे एक मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सेवन पासवान के करीब 45 वर्षीय पुत्र लालटुन पासवान के रूप में की गई है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लालटुन पासवान प्रदेश में रहकर मजदूरी करता था। वह रविवार रात प्रदेश से अपने घर लौटा था। सोमवार की सुबह घर से निकला था और शाम सड़क से गुजर रहे लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े उसके शव पर पड़ी। 

लोगों ने इसकी सूचना आसपास के लोगों और परिजनों को दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पत्नी का करीब 10 वर्ष पहले निधन हो चुका है । मृतक के चार बच्चे हैं ।शव की पहचान होने के बाद घटना की जानकारी रोसड़ा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।

अचानक सड़क किनारे शव मिलने से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी घटना को लेकर तरह-तरह की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और मृतक के हाल के गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।नगर इंस्पेक्टर सह थाना अध्यक्ष लालबाबू कुमार ने बताया कि शव मिलने की सूचना मिली है। घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version