रोसड़ा सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र के लक्ष्मीपुर स्थित शहीद कुलदीप बलदेव नारायण मध्य विद्यालय परिसर में दिव्यांगता जांच एवं प्रमाण पत्र वितरण को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रोसड़ा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे दिव्यांगजनों की चिकित्सीय जांच की गई तथा पात्र लाभार्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
शिविर के दौरान हड्डी, आंख, कान-नाक तथा शरीर के अन्य अंगों से संबंधित दिव्यांगता की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बारीकी से जांच की गई। जांच के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए लाभार्थियों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। इससे दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकने की परेशानी से राहत मिली।
जांच प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में रोसड़ा अनुमंडल अस्पताल की विशेष चिकित्सा टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार राकेश, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. फरमोद आलम तथा नेत्र सहायक चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार शामिल रहे।शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से अपनी जांच कराई।
एक ही स्थान पर चिकित्सीय जांच के साथ प्रमाण पत्र उपलब्ध होने से लाभार्थियों और उनके परिजनों को काफी सुविधा मिली। शिविर के आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में संतोष और खुशी देखी गई। लोगों ने कहा कि इस तरह के विशेष शिविर से दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी सहूलियत होगी।
