रोसड़ा थाना क्षेत्र के शारदा नगर मोहल्ला निवासी धीरेंद्र राय की पत्नी इंदू कुमारी से करीब 7.50 लाख रुपये मूल्य के सोने की चेन व लॉकेट झपटने के मामले में पुलिस ने कोढ़ा गैंग के सरगना को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज वार्ड एक निवासी स्व. राम लखन यादव के पुत्र संतोषी यादव (40) के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, 19 जून को इंदू कुमारी सिनेमा चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा गई थीं। बैंक से लौटने के क्रम में होली मिशन स्कूल के समीप ई-रिक्शा से उतरकर वह सड़क किनारे स्थित गोपाल रेडीमेड सेंटर की ओर जा रही थीं।
इसी दौरान पहले से घात लगाए ब्लू रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो उचक्कों ने उनके गले से सोने की चेन व लॉकेट झपट लिया और फरार हो गए। चेन व लॉकेट का वजन करीब पांच भरी बताया गया था, जिसकी वर्तमान कीमत लगभग 7.50 लाख रुपये आंकी गई है।घटना के संबंध में इंदू कुमारी के आवेदन पर रोसड़ा थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
नगर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कोढ़ा गैंग के सरगना संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों एवं पूर्व की घटनाओं के संबंध में पुछताछ किया और आरोपी को न्याय के हिरासत में भेज दिया गया है।
