SAMASTIPUR दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में अग्नि सुरक्षा को लेकर अनुमंडल अग्निशमन विभाग की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को अनुमंडल अग्निशमन टीम ने रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र और ग्रामीण में स्थित दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसके साथ ही मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में बचाव एवं राहत के तरीकों का प्रदर्शन किया गया।
अग्निशमन टीम ने रोसड़ा के रजिस्ट्री ऑफिस स्थित वार्ड संख्या 22 तथा सहियारडीह पंचायत के चाकथात पश्चिम वार्ड संख्या 10 में पहुंचकर पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने पंडाल निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री, विद्युत व्यवस्था, आने-जाने के रास्ते तथा आपात स्थिति में लोगों के बाहर निकलने की व्यवस्था की जानकारी ली। पूजा समिति के सदस्यों को पंडाल के आसपास किसी भी प्रकार की ज्वलनशील सामग्री नहीं रखने की हिदायत दी गई।बैठक के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि पूजा पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट, दीपक अथवा अगरबत्ती से आग लगने जैसी छोटी घटना भी देखते ही देखते बड़ा रूप ले सकती है।
इसलिए आयोजन से पहले ही सुरक्षा के सभी इंतजाम करना आवश्यक है। पंडाल में अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता, बिजली के तारों की सुरक्षित वायरिंग तथा आपातकालीन निकासी मार्ग को हर समय खुला रखने की जानकारी दी गई।अग्निशमन टीम ने मॉक ड्रिल के माध्यम से पूजा समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों को आग लगने पर तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी। कर्मियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों को सतर्क करते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देनी चाहिए। आग छोटी होने की स्थिति में उचित अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल कर उसे नियंत्रित करने का प्रयास किया जा सकता है।
वहीं आग बढ़ने पर लोगों को सुरक्षित तरीके से पंडाल से बाहर निकालना प्राथमिकता होनी चाहिए।अग्निशमन कर्मियों ने पूजा समिति के स्वयंसेवकों को भीड़ नियंत्रण एवं आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया समझाई। पंडाल के आसपास अग्निशमन वाहन के पहुंचने के लिए पर्याप्त जगह छोड़ने तथा आपात स्थिति में रास्ते में किसी प्रकार की बाधा नहीं रखने को कहा गया।अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी ओंकारनाथ सिंह ने कहा कि आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए अग्निशमन विभाग की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
पूजा पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी पूजा समितियों को दी जा रही है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था केवल अग्निशमन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों को भी इसके प्रति सजग रहना होगा।उन्होंने पूजा समितियों से पंडाल में अग्निशमन उपकरण रखने, बिजली की वायरिंग की जांच कराने, आपातकालीन निकासी मार्ग निर्धारित करने तथा स्वयंसेवकों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सावधानी और समय रहते किए गए सुरक्षा इंतजाम से किसी भी संभावित अग्निकांड को रोका जा सकता है।अग्निशमन विभाग की टीम ने पूजा समितियों को विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पूजा के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। मौके पर अग्निशमन विभाग के कर्मियों के साथ पूजा समिति के सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
