Site icon Sabki Khabar

विशेष ग्राम सभा में नशा मुक्ति, स्वच्छता और विकसित भारत पर हुई चर्चा

ROSERA प्रखंड अंतर्गत आदर्श ग्राम पंचायत राज मोतीपुर के सभा भवन में शुक्रवार को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता मुखिया प्रेमा देवी ने की। पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार एवं ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार द्वारा जारी पत्र के आलोक में आयोजित इस विशेष ग्राम सभा में पंचायत के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

ग्राम सभा के दौरान नशा मुक्ति, स्वच्छता सेवा तथा विकसित भारत-जी राम जी विषय को लेकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने तथा समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। साथ ही पंचायत को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए नियमित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में पंचायत के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों की सहभागिता को लेकर भी चर्चा हुई।

वक्ताओं ने कहा कि पंचायत के विकास में जनप्रतिनिधियों के साथ ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने और विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
विशेष ग्राम सभा में पंचायत के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। समाजसेवी रंजीत सहनी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने नशा मुक्ति, स्वच्छता एवं पंचायत के समग्र विकास में सहयोग करने का संकल्प लिया।

Exit mobile version