ROSERA आगामी दुर्गा पूजा को लेकर बुधवार को रोसड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी पूजा कुमारी ने की। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, प्रखंड विकास पदाधिकारी ममता कुमारी, अंचल अधिकारी सुमित कुमार, थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल, अंचल पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों के सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पूजा समितियों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा का आयोजन करने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
एसडीओ पूजा कुमारी और एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने पूजा समितियों से पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, बिजली व्यवस्था एवं अग्नि सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने को कहा गया।बैठक में नशा एवं अपराध नियंत्रण को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को रोकने के लिए सतर्क रहने की बात कही। वहीं बाजार क्षेत्र में पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों से सुझाव लिए गए।
पुलिस पदाधिकारी से बैंक में विशेष रूप से छिनताई या चोरी की घटना को लेकर जांच अभियान चलाने की मांग की गई। पूजा के दौरान लोग बैंक से पैसे की निकासी करने जाते हैं वहीं कुछ उचक्कों के द्वारा छिनताई या चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता है।बैठक में लोगों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान रोसड़ा बाजार में श्रद्धालुओं और खरीदारों की भीड़ बढ़ जाती है। इससे कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे राहगीरों के साथ स्थानीय व्यवसायियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर प्रशासन से प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
एसडीओ ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ आवश्यकतानुसार गश्ती और निगरानी बढ़ाई जाएगी। पूजा समितियों से भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की गई।बैठक में भाजपा नेता अमर प्रताप सिंह, पूर्व चेयरमैन श्याम बाबू सिंह, दिनेश झा, मुखिया लालटुन पासवान, उप प्रमुख मोहम्मद सत्तार समेत विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी से आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की अपील की
