Site icon Sabki Khabar

नंद चौक से टावर चौक और गांधी चौक तक हटाया गया अतिक्रमण, दुर्गा पूजा को लेकर यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर

रोसड़ा बाजार में लगातार बनी रहने वाली जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने और आगामी दुर्गा पूजा को लेकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के उद्देश्य से नगर परिषद प्रशासन की ओर से बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर परिषद की टीम ने नंद चौक से टावर चौक होते हुए गांधी चौक तक अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया।अभियान के दौरान नगर परिषद के ईओ प्रिंस कुमार, बड़ा बाबू राजेश कुमार पूर्वे समेत नगर परिषद के अन्य कर्मचारी एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन के जवान मौजूद रहे। 

टीम ने सड़क और फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी गई।बताया गया कि रोसड़ा अनुमंडल मुख्यालय होने के कारण आसपास के दर्जनों गांवों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बाजार में खरीदारी करने के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, अस्पताल , सरकारी कार्यालय और न्यायालय से संबंधित कार्यों के लिए पहुंचते हैं। बाजार की मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव अधिक रहने के कारण अतिक्रमण के चलते अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। 

इससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार में वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़क किनारे ही बाइक और अन्य वाहन खड़े कर खरीदारी करने चले जाते हैं। इसके अलावा फल, सब्जी, फास्ट फूड समेत अन्य फुटपाथी दुकानदारों द्वारा सड़क के किनारे दुकान लगाने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। इससे वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है और जाम की समस्या गंभीर हो जाती है।

नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान बाजार में खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से दुकानदारों और वाहन चालकों से सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

Exit mobile version