Site icon Sabki Khabar

नौ दिनों तक अन्न-जल त्यागकर मां दुर्गा की आराधना का लिया संकल्प, स्वप्न में माता के दर्शन होने का किया दावा।

ROSERA नगर परिषद क्षेत्र के महादेव मठ स्थित वार्ड 12 के चौरसिया टोला में शारदीय नवरात्र के अवसर पर भक्ति और आस्था का अनूठा दृश्य देखने को मिल रहा है। 1 दिसंबर 2025 को स्थापित श्री 1008 श्री मां दुर्गा सिद्ध पीठ मनोकामना मंदिर में महिला व्रती मधुबाला नुकीली कीलों पर लेटकर अपने सीने पर कलश स्थापित कर मां दुर्गा की आराधना कर रही हैं। उनकी इस कठिन साधना को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं के बीच विशेष चर्चा हो रही है।

मधुबाला ने शारदीय नवरात्र के पूरे नौ दिनों तक विशेष अनुष्ठान करने का संकल्प लिया है। वह नुकीली कीलों पर लेटकर सीने पर कलश स्थापित किए हुए हैं और मां दुर्गा की भक्ति में लीन हैं। व्रती ने पूरे नौ दिनों तक बिना अन्न-जल ग्रहण किए माता की आराधना करने का संकल्प लिया है। उनकी इस साधना को देखने के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा हुआ है।अपनी कठिन साधना के संबंध में मधुबाला ने बताया कि बीते वर्ष मां दुर्गा ने उन्हें स्वप्न में दर्शन दिए थे। उनके अनुसार, स्वप्न में माता ने उनकी पूजा से प्रसन्न होने की बात कही थी। 

इसके बाद से उनकी आस्था और अधिक प्रगाढ़ हो गई। इसी श्रद्धा और विश्वास के साथ उन्होंने इस वर्ष शारदीय नवरात्र में कठिन साधना करने का निर्णय लिया। नवरात्र को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। मधुबाला की साधना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Exit mobile version