राजनीतिक तक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा है।
मर्यादाएं तार-तार करने का आरोप
अमित शाह ने अपने बयान में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में पीएम मोदी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं. यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार पर निशाना साधा हो.
बीते बयानों का किया जिक्र
केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस के पुराने बयानों को याद दिलाते हुए कहा कि कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे गए, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा गया, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया गया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सारी सीमाएं पार करती जा रही है।
हताशा और निराशा में डूब चुकी है कांग्रेस’
अमित शाह ने आरोप लगाया कि बीते 12 वर्षों से लगातार मिल रही चुनावी हार के कारण कांग्रेस पार्टी में हताशा और निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उनके पास न कोई नीति बची है और न ही कोई मुद्दा. उन्होंने कहा कि अब पार्टी के पास सिर्फ “गाली-गलौज की राजनीति” ही बची है. जनता के बीच अपना जनाधार खो चुकी कांग्रेस अब अपने कार्यकर्ताओं के बीच भी आधार खोती जा रही है.
अंत में उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब देश की जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है.

