रोसड़ा में लोन दिलाने के नाम पर करीब 150 लोगों से ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीजीपी निधि लिमिटेड नामक संस्था के संचालकों ने प्रोसेसिंग फीस और फाइल चार्ज के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से दो हजार रुपये वसूल लिए। किसी से नकद तो किसी से ऑनलाइन माध्यम से राशि ली गई। इसके बाद संस्था से जुड़े लोग कार्यालय बंद कर फरार हो गए।बताया जाता है कि उक्त संस्था रोसड़ा के भिरहा रोड स्थित नंद चौक के समीप शर्मा हॉस्पिटल के पास एक मकान में संचालित हो रही थी।
* प्रोसेसिंग फीस और फाइल चार्ज के नाम पर वसूले रुपये, थाने पहुंचे पीड़ितों ने की कार्रवाई की मांग
सोमवार को ठगी के शिकार बड़ी संख्या में महिला और पुरुष रोसड़ा थाना परिसर पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।इस मामले में बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सोनबर्षा गांव निवासी सत्तो कुमार, पिता साधु यादव ने रोसड़ा थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने बताया कि उन्हें तत्काल लोन स्वीकृत कराने का झांसा दिया गया था। विश्वास में लेने के लिए एक पहचान पत्र भी दिखाया गया, जिस पर लक्ष्य कुमार और पद बीएम अंकित था।
उक्त व्यक्ति ने अपना ब्रांच भागलपुर में होने की बात बताई थी।आवेदन के अनुसार, जब लोग बताए गए पते पर पहुंचे तो वहां बीजीपी निधि लिमिटेड नाम की कोई संस्था संचालित नहीं मिली। इसके बाद लोगों को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। सभी पीड़ित एकजुट होकर रोसड़ा थाना पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की।मामले में लोगों ने विकास कुमार, पिता रामप्रकाश दास, निवासी चक्कीढाव को पकड़कर थाने लाया, जहां उससे पुलिस के द्वारा पूछताछ की गई।
नगर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हिरासत में लिए गए आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
