Site icon Sabki Khabar

फत्तेपुर में संदिग्ध स्थिति में विवाहिता का शव मिलने से सनसनी, ससुराल पक्ष फरार

ROSERA:-थाना क्षेत्र के आदर्श ग्राम पंचायत मोतीपुर के फत्तेपुर गांव में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। विवाहिता की मौत की सूचना उसके मायके वालों को देर रात फोन पर दी गई थी। सूचना में सांप काटने से मौत होने की बात बताई गई। हालांकि, शनिवार सुबह मायके पक्ष के लोग जब गांव पहुंचे तो घर की स्थिति और विवाहिता के गले पर जख्म के निशान देखकर मौत को लेकर संदेह जताया।

 

घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोगों के फरार रहने की बात भी सामने आई है।मृतका की पहचान रोहित पासवान की 22 वर्षीय पत्नी रूबी कुमारी के रूप में की गई है। मायके वालों के अनुसार, देर रात उन्हें फोन कर बताया गया कि रूबी की सांप काटने से मौत हो गई है। अचानक मिली सूचना से परिवार के लोग परेशान हो गए। शनिवार सुबह वे फत्तेपुर पहुंचे तो रूबी का शव खटिया पर रखा हुआ था। घर पर ससुराल पक्ष के कोई सदस्य मौजूद नहीं थे। 

परिजनों का कहना है कि शव देखने के दौरान रूबी के गले पर जख्म के निशान दिखाई दिए। जिससे हत्या करने का आरोप लगाया है ।इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलने पर रोसड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। मौत की वजह सांप काटना है या कोई अन्य कारण, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

नगर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है। मृतका के परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी घर में अकेले रहते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।विवाहिता की संदिग्ध मौत और ससुराल पक्ष के लोगों के घर से फरार रहने की बात सामने आने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन में जुटी हैं

Exit mobile version