बिहार बंद में रोसड़ा पूरी तरह ठप, सड़कों पर उतरे नेता।

केंद्रीय ट्रेड यूनियन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में बुधवार को रोसड़ा में बिहार बंद का व्यापक असर दिखा। महागठबंधन के घटक दलों सीपीआई, राजद, सीपीएम, कांग्रेस और माले ने मिलकर रोसड़ा बंद कराया। सुबह से ही सड़कों पर प्रदर्शन शुरू हो गया। “बचाने अपना वोट का अधिकार… खड़ा हुआ संपूर्ण बिहार”, “मतदाता बचाओ लोकतंत्र बचाओ”, “मजदूर विरोधी मोदी सरकार… नहीं चलेगी अबकी बार” जैसे नारों से पूरा शहर गूंजता रहा।

बंद के दौरान रोसड़ा-बेगूसराय एसएच-55 पूरी तरह बंद रहा। सिनेमा चौक पर हड़ताली सभा का आयोजन किया गया। अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष रामस्वार्थ यादव ने की। सभा में सीपीआई अंचल मंत्री अनिल कुमार महतो ने कहा कि राज्य की नीतीश सरकार और केंद्र की मोदी सरकार लगातार किसानों और मजदूरों के खिलाफ फैसले ले रही है। किसानों की आय दोगुनी करने और मजदूरों को न्यूनतम वेतन देने के वादे सिर्फ दिखावा साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार मजदूर विरोधी चार लेबर कोड को तुरंत रद्द करे।

एआईएसएफ जिला सचिव कुमार गौरव ने कहा कि लेबर कोड कानून ‘हायर एंड फायर’ नीति पर आधारित है। इससे मजदूरों का भविष्य असुरक्षित हो गया है। वे कर्ज लेकर जीवन जीने को मजबूर हैं। माले नेता हरिकांत झा ने कहा कि यह बिहार बंद लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। चुनाव आयोग ने बारिश और बाढ़ के समय में मतदाता सूची सुधार की प्रक्रिया शुरू कर लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों को चोट पहुंचाई है।

सीपीएम नेता मुकेश कुमार ने कहा कि महागठबंधन ने 9 जुलाई को बिहार बंद का आह्वान किया है। यह बंद जनता के वोटिंग अधिकारों की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए है। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष शम्भू प्रसाद सिंह ने मतदाता सूची सुधार की प्रक्रिया पारदर्शी करने और मौसम को देखते हुए इसे स्थगित करने की मांग की।

पैक्स अध्यक्ष रामबाबू यादव ने चुनाव आयोग से निष्पक्षता बनाए रखने और किसी राजनीतिक गठबंधन का उपकरण न बनने की अपील की। सभा को वार्ड पार्षद लक्षमण पासवान, कांग्रेस के अरुण महतो, अंजनी मिश्रा, राजद नेता लालटुन पासवान, अमरेश कुशवाहा, बेचन शर्मा, सकलदेव पासवान, मो. ओवैश, रुमल यादव, रामचंद्र यादव, रामबाबू राउत, बैजू पासवान, अमरनाथ पासवान, सहदेव महतो, रामबालक दास और अजब लाल महतो ने भी संबोधित किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *