राष्ट्रीय खेल दिवस पर बालिका उच्च विद्यालय, रोसड़ा में हुआ आयोजन

रोसड़ा भारत के महान हॉकी खिलाड़ी व ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है। इसी क्रम में शुक्रवार को बालिका उच्च विद्यालय रोसड़ा में भी विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर उत्साहपूर्वक मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिवार के प्रधानाध्यापक अमरनाथ झा के नेतृत्व में मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर सभी शिक्षकों, शिक्षाकर्मियों एवं छात्राओं ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

शारीरिक शिक्षक रूपेश कुमार सिंह ने मंच संचालन किया। मौके पर शिक्षक प्रवीण कुमार झा, छात्रा कोमल कुमारी, प्रतिज्ञा कुमारी समेत कई वक्ताओं ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, खेल प्रतिभा और उपलब्धियों पर अपने विचार व्यक्त किए।

प्रधानाध्यापक अमरनाथ झा ने अपने संबोधन में कहा कि मेजर ध्यानचंद ने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। उनके खेल कौशल का लोहा पूरी दुनिया मानती थी और उन्हें हॉकी का जादूगर कहा जाता है। क्रिकेट के महान खिलाड़ी डोनाल्ड ब्रैडमैन ने भी उनकी हॉकी प्रतिभा की तुलना क्रिकेट से की थी। अपने करियर में उन्होंने लगभग 1000 गोल किए, जिनमें से 400 गोल अंतरराष्ट्रीय मैचों में थे। वर्ष 1956 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनके नाम पर देश का सर्वोच्च खेल सम्मान “मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार” दिया जाता है। उनकी विरासत आज भी भारतीय खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिवार ने खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया। विद्यालय में खेल मैदान की कमी के बावजूद छात्राओं के उत्साह और भागीदारी को देखते हुए इंडोर खेलों में कैरम और शतरंज प्रतियोगिता तथा आउटडोर खेलों में म्यूजिकल चेयर और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं कराई गईं। प्रतियोगिताओं में विजेता छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं का योगदान सराहनीय रहा। पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह और खेल भावना का माहौल बना रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *