


रोसड़ा (समस्तीपुर): बिहार में शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखाने वाले तस्करों के खिलाफ रोसड़ा पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गांधी चौक से डाकबंगला चौक पास घेराबंदी कर एक पिकअप वैन से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। तस्करों ने शराब छिपाने के लिए फिल्म ‘पुष्पा’ के स्टाइल में एक नया और अनोखा जुगाड़ अपनाया था, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।

मशीन के अंदर बना रखा था गुप्त तहखाना
मिली जानकारी के अनुसार, तस्करों ने महिंद्रा पिकअप वैन (BR01GE4608) में एक ‘आइसर मशीन’ लाद रखी थी। ऊपर से देखने पर यह सामान्य मशीन लग रही थी, लेकिन इसके अंदर विशेष रूप से गुप्त तहखाना बनाया गया था। झारखंड से लाई जा रही शराब की इस बड़ी खेप को इसी मशीन के जरिए रोसड़ा के रास्ते किसी गुप्त स्थान पर पहुँचाने की योजना थी।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
रोसड़ा थानाध्यक्ष लाल बाबू कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की एक बड़ी खेप क्षेत्र से गुजरने वाली है। सूचना के सत्यापन के लिए रोसड़ा अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल ,एसआई चंदन कुमार , मनीषा भारती ,सन्नी कुमार,एवं रोसड़ा थाना के पुलिस बल ने गांधी चौक से पिछा करते हुए डाकबंगला चौक पर तत्परता दिखाते हुए वाहनों की सघन तलाशी शुरू की। इसी दौरान संदेह के आधार पर उक्त पिकअप वैन को रोका गया। जब मशीन की बारीकी से जांच की गई, तो उसके भीतर छिपाकर रखे गए शराब के कार्टून बरामद हुए।



बरामदगी और गिरफ्तारी का विवरण
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में निम्नलिखित बरामदगी हुई है:
कुल शराब: 77 कार्टून (कुल 691.56 लीटर)
वाहन: महिंद्रा पिकअप (नंबर: BR01GE4608)
गिरफ्तारी: पुलिस ने मौके से पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस की अगली कार्रवाई:
गिरफ्तार चालक से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी के पीछे जुड़े मुख्य सरगना और शराब कहाँ पहुँचाई जानी थी, इसका पता लगाया जा सके। पुलिस इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।



![]()












Leave a Reply