भीषण सड़क हादसा: महुआ एसडीएम की गाड़ी और बाइक की जोरदार टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल।

रोसड़ा (समस्तीपुर)। रोसड़ा थाना क्षेत्र के महादेव मठ स्थित अंबेडकर छात्रावास के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसडीएम की स्कॉर्पियो सड़क किनारे पलट गई और बाइक के परखच्चे उड़ गए।
​शादी समारोह में जा रहे थे युवक
​मिली जानकारी के अनुसार, रहुआ गांव निवासी राहुल कुमार यादव (पिता: धर्मेंद्र यादव) और राम विनय यादव (पिता: उपेंद्र यादव) बाइक पर सवार होकर परोरिया गांव में अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान महादेव मठ के समीप सामने से आ रही महुआ (वैशाली) एसडीएम की गाड़ी से उनकी सीधी टक्कर हो गई।
​एसडीएम की गाड़ी पलटी, अधिकारी सुरक्षित
​बताया जा रहा है कि महुआ एसडीएम सिंघिया थाना क्षेत्र के आतापुर गांव में एक निजी कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

टक्कर के बाद एसडीएम की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। पुलिस के अनुसार, गाड़ी में सवार एसडीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।
​घायलों की स्थिति नाजुक, पटना रेफर
​हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।

परिजनों में कोहराम मचा हुआ है; बताया गया है कि घायल राम विनय यादव के दो छोटे बच्चे हैं।
​पुलिस की कार्रवाई
​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। मामले की पुष्टि करते हुए संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि हादसे में एसडीएम सुरक्षित हैं, जबकि बाइक सवार दो युवक घायल हुए हैं। पुलिस द्वारा मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *