रोसड़ा कोर्ट पहुंचे पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश संदीप कुमार, 40 करोड़ की लागत से बनने वाले जेड प्लस भवन का किया शिलान्यास

पटना उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश संदीप कुमार शुक्रवार को रोसड़ा पहुंचे। उनके आगमन पर न्यायिक पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें न्यायालय परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद न्यायाधीश ने रोसड़ा न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया तथा विभिन्न विकासात्मक एवं आधारभूत संरचनाओं से जुड़ी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
इस अवसर पर न्यायालय परिसर की चहारदीवारी निर्माण के साथ करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले जेड प्लस भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इन निर्माण कार्यों से न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

वहीं, न्यायालय परिसर में नवनिर्मित ई-सेवा केंद्र का उद्घाटन भी किया गया। इस केंद्र के माध्यम से आम लोगों को न्यायालय में चल रहे मुकदमों से संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। अब लोग बिना किसी शुल्क के अपने केस की अगली तारीख सहित अन्य जरूरी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। इससे न्यायालय आने वाले पक्षकारों को काफी सहूलियत होगी और उन्हें मुकदमे की तारीख एवं अन्य जानकारियों के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।इसके अलावा न्यायालय परिसर में नवनिर्मित डीलक्स शौचालय का भी उद्घाटन किया गया।

साथ ही अग्निशमन विभाग की ओर से फायर सिस्टम का उद्घाटन किया गया। इससे न्यायालय परिसर में आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।न्यायिक सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक आधारभूत संरचनाओं के विकास को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम को रोसड़ा न्यायालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। 

इन योजनाओं के पूरा होने से न्यायालय की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है। हाई कोर्ट के न्यायाधीश ने न्यायालय में लंबे समय से लंबित मामले को लेकर भी कहा बेवजह मामले को लंबे समय तक चलने से लोगों को परेशानी होती है। समय पर लोगों को न्याय मिले इसके लिए निर्देश दिए गए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *