


रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन एक बार फिर सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। नगर परिषद प्रशासन द्वारा 11 जून को विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जे, ठेले-खोमचे तथा अन्य अतिक्रमणों को हटाया जाएगा। इसके लिए मंगलवार को नगर परिषद की ओर से प्रचार-प्रसार कर दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों को पूर्व सूचना दी गई।

अभियान के तहत नगर परिषद कर्मियों ने विभिन्न बाजारों और मुख्य सड़कों पर घूम-घूमकर लोगों से निर्धारित समय से पहले स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क किनारे लगाए गए ठेले, अस्थायी दुकानें, अवैध निर्माण और सार्वजनिक भूमि पर किए गए कब्जों को तत्काल हटा लिया जाए, अन्यथा 11 जून को चलने वाले अभियान में उन्हें बलपूर्वक हटाया जाएगा।नगर परिषद प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अभियान के दौरान हटाए गए सामान को जब्त कर लिया जाएगा।



साथ ही अतिक्रमण हटाने में आने वाले खर्च की वसूली भी संबंधित अतिक्रमणकारियों से की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद यदि लोग सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा बनाए रखते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



प्रशासन का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, पैदल यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने तथा बाजार क्षेत्रों में होने वाली जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। नगर परिषद ने सभी दुकानदारों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए समय रहते अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया है।



![]()











Leave a Reply