पंचायत समिति की बैठक में अफसरों की गैरहाजिरी पर विधायक नाराज

ROSERA :- प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत समिति सभागार में प्रखंड प्रमुख उषा देवी की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक हुई। बैठक में पंचायतों की विकास योजनाओं, सरकारी योजनाओं की प्रगति और आम लोगों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में समय पर पदाधिकारियों के नहीं पहुंचने पर विधायक वीरेंद्र कुमार ने नाराजगी जताई।बैठक में विधायक वीरेंद्र कुमार, बीडीओ ममता कुमारी, सीओ सुमित कुमार, थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार, प्रभारी सीडीपीओ, मनरेगा पीओ, प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी, उप प्रमुख मोहम्मद सत्तार समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।बैठक में विद्युत विभाग के अभियंता और पीएचईडी अभियंता के नहीं पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। विधायक ने भी अधिकारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया। दोनों अभियंताओं के एक दिन का वेतन काटने का प्रस्ताव लिया गया।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायतों में बिजली और नल-जल योजना से संबंधित कई समस्याएं हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों का बैठक में मौजूद रहना जरूरी है।जनप्रतिनिधियों ने पिछली पंचायत समिति की बैठक में पारित प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों का समय पर अनुपालन होना चाहिए और अगली बैठक में उसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जानी चाहिए।पीएचईडी अभियंता की अनुपस्थिति के बावजूद पंचायतों में नल-जल योजना से जुड़ी समस्याओं को लेकर सदस्यों ने सवाल उठाए। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि कई पंचायतों में नल-जल योजना के तहत नियमित पानी नहीं मिल रहा है।

पाइपलाइन और अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सदस्यों ने संबंधित विभाग से पंचायतवार समस्याओं की सूची तैयार कर उनका शीघ्र समाधान कराने की मांग की।भिरहा पूरब पंचायत के मुखिया लालटुन पासवान ने आंगनबाड़ी केंद्रों में निगरानी समिति की स्थिति को लेकर प्रभारी सीडीपीओ से सवाल किया। उन्होंने केंद्रों के संचालन और निगरानी व्यवस्था के संबंध में जानकारी मांगी।बैठक में मनरेगा से जुड़े लंबित भुगतान का मामला भी उठा। जनप्रतिनिधियों ने मटेरियल के लंबित भुगतान का जल्द निपटारा करने की मांग की।राशन कार्ड से करीब 2650 लाभुकों के नाम काटे जाने पर मुखिया संघ अध्यक्ष प्रवीण कुमार महतो ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लाभुकों के नाम हटने से जरूरतमंद परिवार प्रभावित हो रहें हैं।

उन्होंने मामले की जांच कर पात्र लाभुकों को राशन योजना का लाभ दिलाने की मांग की।प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी ने नए राशन कार्ड निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी। उन्होंने पात्र लोगों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की बात कही।
बैठक में मुखिया संघ अध्यक्ष प्रवीण कुमार महतो, उपाध्यक्ष लालटुन पासवान, मुखिया प्रतिनिधि स्वयंवर यादव, पैक्स अध्यक्ष पवन यादव, पंचायत समिति सदस्य सुरेश प्रसाद सिंह समेत अन्य मुखिया और पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *