हनुमान नगर में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत, गला दबाकर हत्या की आशंका; सोने का कंगन गायब

 

 

 

 

 

 

ROSERA थाना क्षेत्र के भरवाड़ी पंचायत स्थित हनुमान नगर गांव में शुक्रवार को 70 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के अंदर से बरामद किया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, उनके हाथ से सोने का कंगन गायब मिलने के बाद लूटपाट के दौरान हत्या किए जाने की आशंका भी ग्रामीणों द्वारा व्यक्त की जा रही है।

हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है।मृतका की पहचान हनुमान नगर गांव निवासी प्रेमकला देवी 70 वर्षीय के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार वह घर में अकेली रहती थीं। बताया गया कि घर की मरम्मत का काम चल रहा था, इसी वजह से वह गांव में रह रही थीं। शुक्रवार को देर तक घर से बाहर नहीं निकलने पर लोगों ने घर में देखा। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलते ही रोसड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

उनके साथ रोसड़ा थाना के अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल और एसआई चंदन कुमार ने भी घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई।घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए डॉग स्क्वायड टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस ने घर और आसपास के इलाके में साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।प्रेमकला देवी के चार संतान हैं।

उनके पुत्र राजेश कुमार मिश्र समस्तीपुर स्थित एसबीआई के रीजनल ऑफिस में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि दूसरे पुत्र बृजेश कुमार मिश्र गुजरात में बैंक ऑफ बड़ौदा में कार्यरत बताए गए हैं। उनकी दो पुत्रियां भी हैं।अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल ने बताया कि वृद्ध महिला का शव घर से बरामद हुआ है। शरीर पर फिलहाल किसी प्रकार के जख्म के निशान नहीं मिले हैं। 

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी घटना के संबंध में आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *