रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल का सीनियर क्लर्क 1 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई।

रोसड़ा (समस्तीपुर): भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल के सीनियर क्लर्क अनिल कुमार को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी लोहिया नगर के पास से की गई, जिसके बाद निगरानी की टीम आरोपी को अपने साथ मुजफ्फरपुर ले गई है।

रिटायर्ड कर्मचारी से मांगी थी घूस
​मिली जानकारी के अनुसार, अनुमंडलीय अस्पताल के ही रिटायर्ड टेक्नीशियन देवेंद्र कुमार पिछले साल नवंबर में सेवानिवृत्त हुए थे। उनके कार्य अवधि के वेतन और अन्य मदों के करीब 39 लाख रुपये बकाया थे। इसी राशि के भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में सीनियर क्लर्क अनिल कुमार ने उनसे मोटी रकम की मांग की थी।

निगरानी ने बिछाया जाल
​परेशान होकर देवेंद्र कुमार ने पिछले महीने निगरानी विभाग से इसकी लिखित शिकायत की थी। विभाग द्वारा मामले के सत्यापन में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया। योजना के मुताबिक, जैसे ही अनिल कुमार ने लोहिया नगर के पास देवेंद्र से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये लिए, पहले से तैनात निगरानी की पांच सदस्यीय टीम ने उसे दबोच लिया।

आगे की कार्रवाई
​गिरफ्तारी के तुरंत बाद निगरानी की टीम आरोपी क्लर्क को लेकर मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हो गई, जहाँ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर और स्थानीय प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *