


रुसेरा घाट रेलवे स्टेशन स्थित काली मंदिर के समीप 30 मई की शाम हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

मृतक की पहचान सहरसा जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनपुरा गांव निवासी दीपक कुमार पिता- शंभू पासवान के रूप में की गई थी। दीपक रोसड़ा में अपने परिवार के साथ रहकर एक गैस एजेंसी में कार्य करता था। घटना के बाद उसे गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 मई की संध्या रोसड़ा घाट रेलवे स्टेशन के पास स्थित काली मंदिर के समीप दीपक कुमार और बादल कुमार सहनी के बीच दुसरी बार विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान बादल कुमार साहनी ने दीपक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मृतक और आरोपी के बीच लगभग एक माह पूर्व दूध लेने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।



उसी विवाद की पृष्ठभूमि में 30 मई को दोनों की दोबारा मुलाकात हुई। पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। इसी क्रम में आरोपी ने चाकू निकालकर दीपक कुमार पर हमला कर दिया।घटना के बाद परिजनों के आवेदन पर रोसड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लगातार छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में प्राथमिकी अभियुक्त बादल कुमार उर्फ बादल कुमार सहनी पिता संजय सहनी निवासी लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या-23 को गिरफ्तार कर लिया गया।




पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष छापेमारी दल में नगर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुभाष चंद्र मंडल, चंदन कुमार, दीप नारायण सिंह, नीरज कुमार समेत रोसड़ा थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


![]()











Leave a Reply